बोंगरिया। मेहनगर के आदर्श नगर रायपुर पट्टी स्थित स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज का स्थापना दिवस और वार्षिकोत्सव मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया।
इस अवसर पर बच्चों ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से सभी का खूब मनोरंजन किया। इस दौरान हाईस्कूल और इंटर में सर्वोच्च अंक पाने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष कुहेश राम और प्रबंधक रामसहाय लाल ने दीप जलाकर की। इसके बाद आकाश, लालू, कृष्णमुरारी और विशाल ने गणेश वंदना पेश की जबकि, हर्षिता, जूही, सरिता, आरती, साधना और सोनी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
सृष्टि, राजनंदनी, हेमलता, नितिका, अर्चना, समीक्षा, माधुरी ने स्वागत गीत पेश किया। वहीं ‘हरियर-हरियर निमिया डरिया’ पर पिंकी, तनु, साक्षी, जूली ने नृत्य से सभी का भरपूर मनोरंजन किया।
सोनी, अंजली, नेहा, समीक्षा, सोनम, ज्योति ने विवेकानंद गीत ‘हम समय के जयघोष हैं, हम स्वतंत्र हैं स्वच्छंद हैं’ की प्रस्तुति दी।
समाज पर करारा चोट करते हुए शालू, अंजलि ने दहेज गीत ‘मोहब्बत की खातिर बनाई गई हूं, दहेज की खातिर जलाई गई हूं’ से खूब तालियां बटोरीं।
रागिनी ने भक्ति गीत ‘झूठे रिश्ते नाते हैं, झूठी दुनिया सारी’ से सभी को भावविभोर कर दिया। कवि सम्मेलन में कवि भूषण त्यागी ने ‘आन अलग हो मान अलग हो, जन-जन का सम्मान अलग हो’ और कवियेत्री डा. प्रतिभा सिंह ने ‘बनके झोका समय निकल जाएगा, वक्त हमारे हाथ से कहीं फिसल जाएगा’ से सभी का मनोरंजन किया।
इसी क्रम में कवि नागेश त्रिपाठी शाडिल्य, बद्री विशाल, डा. ईश्वरचंद त्रिपाठी, नरसिंह साहसी ने भी अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी।
अंत में संस्कृत महाविद्यालय कनैला के प्राचार्य सहजानंद पांडेय ने स्कूल में हाईस्कूल और इंटर वर्ष 2014 में सर्वोच्च अंक पाने वाले बच्चों में कुमारी निष्ठा पांडेय, कुमारी ज्योति मिश्रा, कुमारी अर्चना यादव को पुरस्कृत किया।
विद्यालय के प्रबंधक रामसहाय लाल ने स्टूडेंट आफ द ईयर कुमारी सरिता यादव तथा बेस्ट टीचर का पुरस्कार सहायक अध्यापक दिनेश यादव को दिया।
इस मौके पर प्रधानाचार्य कमल स्वरूप श्रीवास्तव, बृजभूषण पांडेय, हवलदार, तारा, ममता, रानी, शशिलता, अलका पांडेय, रामसुख, आदि मौजूद रहे।