सठियांव। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के काशीपुर गांव निवासी एक सात वर्षीय बालक की पानी भरे गड्ढे में डूब कर मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने शव को गड्ढे से बाहर निकाला और फिर परिजनों ने पंचनामा कर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाबत पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई। निर्माणाधीन सिक्स लेन के लिए मिट्टी की खोदाई कर गहरा गड्ढा किया गया था, जिसमें पानी भरा हुआ है।
काशीपुर गांव निवासी 7 वर्षीय अविनाश पुत्र राम प्रसाद राम बृहस्पतिवार को अपनी बकरी चराने के लिए गांव के किनारे गया हुआ था। पास में ही निर्माणाधीन सिक्स लेन के लिए मिट्टी की खोदाई की गई थी। मानक की अनदेखी कर मिट्टी खोदने वालों ने काफी गहराई में खोदाई कर मिट्टी निकाल लिया था। पिछले बरसात के मौसम में हुई बारिश का पानी इस गड्ढे में भरा हुआ था। अविनाश उसी गहरे गड्ढे के आसपास ही अपनी बकरी चरा रहा था और अचानक पैर फिसलने से वह गड्ढे में गिर गया। पास में ही स्थित कुटी पर लोग शिवरात्रि की पूजा अर्चना कर रहे थे। कुछ लोगों ने बच्चे को गड्ढे में गिरते देखा और तत्काल मौके पर पहुंच कर गड्ढे से बच्चे को निकालने की कवायद शुरू कर दी। जब तक बच्चे को पानी भरे गड्ढे से बाहर निकाला जाता तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्चे का शव पानी भरे गड्ढे से निकलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा कर शव को अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया। मृतक चार भाई व दो बहनों में तीसरे स्थान पर था। सिक्स लेन के लिए मिट्टी के इंतजाम के तहत जगह-जगह मानक की अनदेखी कर मिट्टी की खोदाई से ग्रामीण आक्रोशित है और जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहे है। इसके पूर्व भी देवरिया खालसा गांव में ऐसे ही पानी भरे गड्ढे में डूब कर एक रेलवे कर्मचारी की भी मौत हो चुकी है।