आजमगढ़। जिले में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण के लिए उप्र शासन ने 23 करोड़ 20 लाख 42 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दे दी है। साथ ही परियोजना के लिए पहली किस्त के रूप में 11 करोड़ 60 लाख 21 हजार रुपये जारी कर दिए गए हैं। इसका आदेश 25 नवंबर को उप सचिव आनंद कुमार सिंह ने जारी किया है। यह स्वीकृति प्रायोजना रचना एवं मूल्यांकन प्रभाग द्वारा परीक्षण के बाद प्रदान की गई है। निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कार्पोरेशन लिमिटेड, लखनऊ को सौंपी गई है।
निर्माण के लिए शासन ने रखीं ये शर्तें
निर्माण कार्य नामित कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट कार्पोरेशन से ही कराया जाएगा। वित्त विभाग के संबंधित आदेशों और दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। स्वीकृत धनराशि का उपयोग केवल उसी मद में किया जाएगा, जिसके लिए स्वीकृति दी गई है। कार्य की गुणवत्ता और मानक सुनिश्चित किए जाएंगे तथा निर्माण निर्धारित समय सीमा में पूरा करना होगा।लेबर सेस की राशि नियमानुसार श्रम विभाग को जमा करनी होगी। परियोजना में किसी भी प्रकार के परिवर्तन के लिए सक्षम स्तर से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यह कार्य किसी अन्य योजना में पहले से स्वीकृत या प्रस्तावित न हो। पीएफएडी द्वारा निर्धारित शर्तों और दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन अनिवार्य होगा।
जनपद में दो मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण किया जाना है। अभी शासन की ओर से मॉडल विद्यालय जो निजामाबाद तहसील के असगड़ा अजमलपुर में बनेगा, उसके लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। अनिल सिंह, जेई निर्माण, बेसिक विभाग।