आजमगढ़। मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव के चलते बीमारियां भी पांव पसार रही है। मार्टीनगंज तहसील क्षेत्र का करूई, पिपरौल व लारपुर गांव इन दिनों चिकन पाक्स की चपेट में है। 70 से अधिक लोग बीमार है। जानकारी होते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में डेरा डाल दिया है।
तीन-चार दिनों से करूई, लारपुर व पिपरौल गांव में चिकन पाक्स फैला हुआ है। वर्तमान में इन तीनों गांव के 70 से अधिक लोग इसकी चपेट में है। बीमारी फैलने की जानकारी होते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सोमवार को तीनों गांव में पहुंची और दवा छिड़काव के साथ ही जरूरी दवाएं आदि पीड़ितों को उपलब्ध कराया। इसके साथ ही सभी को गर्म पानी का सेवन करने व साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने की अपील भी की गई। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. संजय गुप्ता के नेतृत्व में काफी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी गांव में पहुंचे थे। सीएमओ डॉ आईएन तिवारी के निर्देश पर एसएमओ डॉ. गणेश नायर भी सोमवार को प्रभावित ग्रामों में पहुंचे और पीड़ितों का हाल लिया। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि प्रभावित ग्रामों में दवा का छिड़काव कराया जाए। इसके साथ ही डोर टू डोर स्वास्थ्यकर्मी जा कर मरीजों का पता लगाए और उन्हें जरूरी दवा उपलब्ध कराने के साथ ही अन्य जरूरी जानकारी भी दे। यदि मरीजों को आराम नहीं उपलब्ध होता है तो उन्हें पीएचसी मार्टीनगंज भेज कर भर्ती कराया जाए।