आजमगढ़। जनपद से होकर गैर जनपदों को जाने वाली निजी बसों को लेकर परिवहन विभाग गंभीर हो गया है। बृहस्पतिवार को परिवहन मंत्री द्वारा कराई गई कार्रवाई के बाद शुक्रवार को परिवहन विभाग ने भी जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उनके द्वारा कुल 40 बसों की जांच की गई। जिसमें अभिलेख अपूर्ण मिलने पर 18 वाहनों का चालान किया गया। जबकि फिटनेस फेल मिलने पर छह बसों काे सीज किया गया। उन्नाव में हादसे के बाद से ही परिवहन विभाग की ओर से निजी बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। बताते चलें कि बृहस्पतिवार को परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह जब भंवरनाथ तिराहे से गुजर रहे थे तो खड़ी बसों को देखा। इसमें ज्यादातर बसें दूसरे राज्यों की थीं। मंत्री ने अपनी गाड़ी रुकवाई और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ गाड़ियों की चेकिंग शुरू करा दी। इस दौरान उनके द्वारा 12 बसों को गड़बड़ी मिलने पर कंधरापुर थाने में सीज कराया गया। मंत्री की इस कार्रवाई से निजी बस संचालकों में हड़कंप मच गया था। वहीं शुक्रवार को परिवहन विभाग भी हरकत में आ गया। विभाग ने निजी बसों की जांच अभियान चलाकर की। इस दौरान कुल 40 बसों की जांच की गई। जांच में 18 बसों के कागजातों में कमी मिलने पर उनका चालान किया गया। जबकि छह बसें ऐसी थीं जिनका फिटनेस फेल था, जिन्हें संबंधित थानों में सीज कर दिया गया। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मच गया है।