जहानागंज। जहानागंज के स्थानीय बाजार में अराजकतत्वाें ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। यहां पंडाल में रखी मां सरस्वती की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे इलाके में तनाव बढ़ गया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया और अराजकतत्वों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
वहीं सीओ सदर गौरव शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। इस मामले में डायमंड कमेटी के अध्यक्ष ने जहानागंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भारी संख्या में फोर्स तैनात करनी पड़ी।
जहानागंज बाजार में डायमंड कमेटी द्वारा हर वर्ष पंडाल बनाकर मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित की जाती है। इस वर्ष भी मां दुर्गा और मां सरस्वती की मूर्ति स्थापित की गई। बृहस्पतिवार की भोर में करीब 3.30 बजे अराजकतत्वों ने पंडाल में लगी मां सरस्वती की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया।
सुबह जब लोगों को पता चला तो काफी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाने में जुट गई। वहीं सीओ सदर गौरव शर्मा भी मौके पर पहुंचे और कमेटी के सदस्यों से बातचीत किए। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में फोर्स तैनात किया गया है। इस मामले में दो लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
वहीं डायमंड कमेटी के अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है। थानाध्यक्ष केके गुप्ता ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मूर्ति को सही करवा दिया गया है। स्थिति अब ठीक है।