मेंहनगर। कटात चक कटात गांव के सिवान में स्थापित बाबा साहब डॉ. भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा को रविवार की रात अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जानकारी होने पर ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। सूचना पर एसडीएम मेंहनगर दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत कराई। अराजकतत्वों पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर ग्रामीण शांत हुए।
कटात चक कटात गांव के दक्षिण सिवान में बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित है। रविवार की रात किसी अराजक तत्व ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह धान की रोपाई करने जा रहे ग्रामीणों की नजर क्षतिग्रस्त प्रतिमा पर पड़ी तो वे आक्रोशित हो उठे। कुछ ही देर में प्रतिमा के पास काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर ग्राम प्रधान लेखराज पासवान भी आ गए। कुछ ही देर में एसडीएम राजीव रतन सिंह, नायब तहसीलदार फरीदी, इंस्पेक्टर दूजेंद्र कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत कराने का प्रयास किया। ग्रामीण अराजक तत्वों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इस बीच एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने राजगीर को बुला कर प्रतिमा को ठीक कराया। इसके साथ ही अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। वहीं प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में गांव निवासी विजेंद्र पुत्र लौटन ने अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।