तरवां थाना क्षेत्र के देवरायपुर ग्राम सभा में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने पर जमा भीड़ को स?
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र के देवरायपुर गांव में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा को अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इसकी जानकारी जब गांव के अनुसूचित जाति के लोगों को हुई तो वे आक्रोशित हो उठे। वहीं बाबा साहब की प्रतिमा तोड़े जाने की जानकारी होते ही एसओ मयदल बल मौके पर पहुंच गए और तत्काल प्रतिमा को ठीक करा कर लोगों को शांत कराया।
गांव में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा को लेकर विवाद काफी पुराना है। 2004 में इस प्रतिमा को विवाद के चलते पुलिस थाने लेकर चली गई थी। 2005 में इसे एसडीएम मेंहनगर के निर्देश पर स्थापित कराया गया था। जिस जमीन पर यह प्रतिमा स्थापित है वह स्व. कलपति देवी के नाम से आवंटित जमीन है और उनके स्वीकृति से ही स्थापित की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त जमीन को लेकर गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा विवाद किया जाता रहा है। उन्हीं के द्वारा प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया है। प्रतिमा टूटने की जानकारी होते ही तरवां थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और तत्काल क्षतिग्रस्त प्रतिमा को ठीक करा कर लोगों को शांत कराया। वहीं ग्रामीणों द्वारा आरोपित किए गए रामजनम मौर्या ने बताया कि प्रतिमा पोखरी की जमीन पर स्थापित है, इसके लिए मैने कई जगह प्रार्थना पत्र जरूर दिया है लेकिन प्रतिमा को मैने क्षतिग्रस्त नहीं किया है। तहसीलदार पवन कुमार सिंह ने लेखपाल को जमीन का सीमांकन करने का निर्देश दिया है।