विकास कार्यक्रमों में मंडल का डी ग्रेड मिलने पर नाराजगी जताते हुए मंडलायुक्त नीलम अहलावत ने अधिकारियों को चेताया। कहा कि समय रहते वह स्थिति का सुधार करते हुए मंडल को ए या बी श्रेणी में लाएं। ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने की शिकायतों पर कहा कि शासन के निर्देश के अनुरूप अगर खराब हुए ट्रांसफार्मर 72 घंटे में नहीं बदले गए तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मंडलायुक्त नीलम अहलावत ने शुक्रवार को मंडलायुक्त कार्यालय के सभागार में विकास कार्यक्रमों, कानून व्यवस्था तथा कर एवं करेतर व अन्य राजस्व देयों की वसूली की समीक्षा की। उन्होंने सड़क निर्माण के कार्य में तेजी लाने और पुलों का निर्माण जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। कहा कि विकास कार्यक्रमों को मानक एवं गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करें। विकास कार्यक्रमों की प्रदेश स्तर पर हुई ग्रेडिंग में मंडल को डी श्रेणी में मिलने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को चेताया कि आगामी बैठक तक मंडल को ए या बी श्रेणी में लाने का प्रयास करें।
आजमगढ़, मऊ और बलिया जिला मुख्यालय को फोर लेन से जोडऩे का काम में सुस्ती मिलने पर नाराजगी जताई और पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता को कार्यो में तेजी लाने का निर्देश दिया। पाया गया कि आजमगढ़ में कार्यदायी संस्था पैक्सफेड ने तीन तथा राजकीय निर्माण निगम ने 13 इकाईयों का काम बंद कर दिया गया है। सीएमओ से कहा कि इसका कारण और की गई कार्यवाही से अवगत कराएं। कुछ इकाईयों पर धीमे तथा खराब गुणवत्ता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अपर निदेशक स्वास्थ्य को पाक्षिक समीक्षा करने को कहा। कोर रोड नेटवर्क सुदृढ़ीकरण के राज्य मार्गों तथा प्रमुख जिला मार्गों की समीक्षा में मऊ की स्थिति खराब मिली।
जिला मुख्यालयों को फोर लेन से जोडऩे के कार्य में आजमगढ़ व मऊ के डी श्रेणी में होने पर चिंता जताई। राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकण योजना में ट्रांसफार्मर लगाने और कनेक्शन देने की प्रगति कम पाई गई। उन्होंने अधीक्षण अभियंताओं को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर कनेक्शन दें। उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरों को समय से बदलने का अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिया। चेताया कि यदि शासन की ओर से निर्धारित 72 घंटे की अवधि में ट्रांसफार्मर नहीं बदला जाता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोलर फोटोवोल्टेइक इरीगेशन पंपों की स्थापना की समीक्षा में किसानों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में आजमगढ़ व बलिया सी श्रेणी मिलने पर नाराजगी जताई।
आजमगढ़ एवं बलिया के जिला कृषि अधिकारियों को एक माह के अंदर ए श्रेणी में लाने का निर्देश दिया। रानी लक्ष्मी बाई महिला सम्मान कोष के तहत मऊ में चार लंबित प्रकरणों निस्तारित करने का निर्देश दिया। कानून व्यवस्था की समीक्षा में डीआईजी धर्मवीर ने तीनों जनपद के पुलिस अधीक्षकों को महिला उत्पीडऩ के मामलों में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मौके पर मऊ, आजमगढ़ और बलिया के अधिकारी मौजूद रहे।