नवागत मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र वर्मा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में शनिवार को 2012-13, 2013-14 में चयनित लोहिया गांवों में सरकार द्वारा चलाई जा रही लाभपरक योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान सीडीओ ने लोहिया गांव में जर्जर तारों को बदलने का निर्देश दिया। साथ ही लाभार्थियों के खाते में छात्रवृत्ति और पेंशन भेजने को कहा।
सीडीओ ने अधिशासी अभियंता बिजली ओपी राम को लोहिया गांवों में जर्जर बिजली तार बदलने और लटके तारों को दुरुस्त करने को कहा। जहां ट्रांसफार्मर और खंभे खराब हो उसे तत्काल बदला जाए। अधिशासी अभियंता जलनिगम को निर्देशित किया कि लोहिया ग्रामों में पेयजल की कहीं समस्या न हो। जहां कहीं भी खराब पड़े हैंडपंपाें को रिबोर और सही करने की जरूरत है उसे किया जाए, क्योंकि गर्मी शुरू हो चुका है।
पानी की कहीं भी समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि स्कूलों की सफाई, शौचालय, पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ अध्यापकों एवं बच्चों की उपस्थिति को सुनिश्चित कराएं। सीडीओ ने छात्रवृत्ति और सभी प्रकार की पेंशन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोहिया ग्रामों में स्वयं जाकर देख लें कि सभी लाभार्थियों के खाते में छात्रवृत्ति की धनराशि जा रही है या नहीं।
यदि किसी लाभार्थी के खाते में धनराशि नहीं पहुंच सकी है तो उसके कारणों की जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित के खाते में पेंशन अथवा छात्रवृत्ति की धनराशि भेजी जाए। इस मौके पर परियोजना निदेशक एसके पांडेय, बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण अमिनेश कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत ओपी राम मौजूद थे।