संकटमोचन भगवान हनुमान का जन्मोत्सव शनिवार को शहर से लेकर ग्रामीणांचल में धूमधाम के साथ मनाया गया। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का रेला दर्शन-पूजन को उमड़ा रहा। वहीं हवन-पूजन के साथ ही भंडारे के आयोजन से मंदिरों की रौनक में चार चांद लगा हुआ था।
शहर के अनंतपुरा-गुरूटोला मुहल्ला स्थित प्राचीन हनुमान गढ़ी मंदिर, बड़ा देव स्थित हनुमान मंदिर पर सुबह से ही भक्तों का रेला दर्शन पूजन को उमड़ा हुआ था। विधि विधान के साथ रामभक्त हनुमान की पूजा की गई और लड्डू का भोग लगाया गया। सिधारी स्थित गौरीशंकर मंदिर पर भी हनुमान जन्मोत्सव का कार्यक्रम आयोजित हुआ।
दिन भर मंदिरों पर प्रसाद वितरण के साथ ही शाम में भंडाये का आयोजन किया गया। जिसमें भक्तों ने बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग किया। सिधारी स्थित गौरीशंकर मंदिर पर बाबू पुच्चा सिंह रेडा, अविनाश, मनोज अस्थाना, जितेंद्र, पप्पू, अजय कुमार आदि व्यवस्था में लगे हुए थे।
अहरौला संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के रेड़हा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पर धूमधाम के साथ हनुमान जन्मोत्सव समारोह आयोजित हुआ। इस मंदिर के संस्थापक फतेहचंद मोदी से जुड़े विभिन्न प्रांतों राजस्थान, जयपुर, कोलकाता, दिल्ली, मुम्बई आदि स्थानों से आये भक्तों ने भी दर्शन पूजन किया।
दोपहर में हवन-पूजन के बाद 151 ब्राह्मणो को भोजन करा कर अंगवस्त्र का दान किया गया। आचार्य घनश्याम पांडेशय ने इस दौरान हनुमान जी की महिमा का वर्णन किया। इस मौके पर टंकू मोदी, संजय, दुर्गा, राजेंद्र, गुड्डू, गीता, उषा आदि मौजूद रहे।
लालगंज संवाददाता के अनुसार हनुमानगढ़ी के महंथ बाबा शिव प्रसाद दास के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। वहीं मंदिर पर श्रृंगार और पूजन का कार्यक्रम आयोजित हुआ। शाम में भंडारा आयोजन के साथ ही प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर अमरनाथ, त्रिभुवन, ओमप्रकाश, अनिल, गौरव, कृष्ण कुमार, रजनीश, अशोक, अनिल राज आदि मौजूद रहे।