सीबीएसई की परीक्षा में शामिल होने जा रहे बच्चों को चेक करते शिक्षक। संवाद
आजमगढ़। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं हिन्दी विषय की परीक्षा सोमवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। परीक्षा समाप्त होते ही केंद्रों के बाहर विद्यार्थियों के चेहरों पर अलग-अलग भाव देखने को मिले। कुछ छात्र-छात्राएं संतुष्ट नजर आईं, तो कुछ के चेहरों पर मायूसी दिख रही थी। परीक्षार्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र संतुलित था, हालांकि कुछ प्रश्नों ने सोचने पर मजबूर किया। कई छात्रों ने समय प्रबंधन को चुनौतीपूर्ण बताया, जबकि अच्छी तैयारी वाले विद्यार्थियों को पेपर अपेक्षाकृत सरल लगा। सेंट जेवियर्स स्कूल एलवल के प्रिंसिपल नीलेश श्रीवास्तव के अनुसार जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर सीबीएसई की परीक्षा आयोजित हुई। हिन्दी विषय में कुल 10,443 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से 10,349 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 94 अनुपस्थित रहे। प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की सघन जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावक अपने बच्चों का इंतजार करते दिखाई दिए। परीक्षा के बाद कई अभिभावकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके प्रयासों की सराहना की।