शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा और विभागीय टीईटी के बारे में जानकारी देते एमएलसी देवेंद्र प्रताप सि
आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना और विभागीय सेवारत टीईटी की मंजूरी दी है। इस निर्णय से शिक्षक समुदाय में भारी उत्साह है। इस सफलता के सूत्रधार स्नातक एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह का आजमगढ़ में शिक्षकों ने जोरदार स्वागत किया। रविवार को ब्रह्मस्थान स्थित शिक्षक सदन के भोला सिंह सभागार में सम्मान समारोह आयोजित हुआ। यह समारोह उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि स्नातक एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह, संघ के प्रांतीय अध्यक्ष विनय तिवारी, प्रांतीय महामंत्री उमाशंकर सिंह पहुंचे। शिक्षकों ने स्वागत किया। संघ के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने नेतृत्वकर्ताओं को अंगवस्त्र पहनाया, माल्यार्पण किया और स्मृति चिह्न भेंट किए। उन्होंने इस प्रयास के लिए दिल से आभार व्यक्त किया। देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का निर्णय सराहनीय है।
उन्होंने सेवारत सभी प्राथमिक शिक्षकों को विभागीय टीईटी परीक्षा कराकर सेवा में बनाए रखने का निर्णय लिया है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने सभी शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का तोहफा दिया है।
यह सरकार की संवेदनशीलता का परिचायक है। उन्होंने इन उपलब्धियों को बेमिसाल बताया। कहा कि यह सदन मुख्यमंत्री का सहर्ष अभिनंदन करता है। एमएलसी देवेंद्र सिंह ने शिक्षकों के उत्साह को दोगुना करते हुए एक और भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य लंबित मांगों पर वे शासन स्तर पर प्रयासरत हैं। इस दौरान उमाशंकर सिंह, जितेंद्र राय, राजेंद्र यादव सहित शिक्षक और पदाधिकारी मौजूद थे।