गोरिया बाजार। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बगवार गांव निवासी फौजी के घर से मंगलवार की रात चोर नकदी समेत कीमती आभूषण चुरा ले गए। घर पर मौजूद फौजी के पिता ने घटना के संबंध में बिलरियागंज पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
बगवार गांव निवासी अजीत कुमार पुत्र गोपाल यादव सीमा सुरक्षा बल में तैनात हैं। वर्तमान में वह ड्यूटी पर हैं। घर पर माता, पिता के साथ पत्नी रहती हैं। मंगलवार की रात सभी घर के बाहर स्थित बरामदे में सोए थे। घर का दरवाजा बाहर से बंद था और उसमें ताला लगा था। देर रात चोर छत पर चढ़ कर सीढ़ी के रास्ते घर में उतरे और आलमारी व बक्सों आदि को खंगाल कर 60 हजार रुपये नकद तथा सोने की पांच चेन, दो झुमका, तीन झाली, दो बाली, पांच अंगूठी, दो मंगलसूत्र, दो करधन, एक पाजेब, पांच जोड़ी पायल आदि उठा ले गए। कीमती कपड़े व सामान रखे दो बैग व अटैची भी चोर उठा ले गए। जो घर से कुछ दूरी पर स्थित एक खेत में टूटे हुए बरामद हुए। परिजनों को घटना की जानकारी बुधवार को सुबह तब हुई जब वे सोकर उठे। घर के अंदर का हाल देख कर सभी हतप्रभ रह गए। फौजी के पिता गोपाल यादव ने घटना के संबंध में बिलरियागंज थाने में तहरीर दी है।