अंबारी। पवई थाना क्षेत्र के भभरिया गांव के पास शुक्रवार की देर शाम दो बाइक सवार चार बदमाशों ने एक और सराफा कारोबारी को तमंचे से आतंकित कर नगदी व जेवरात लूट लिए। इसके साथ ही बदमाशों ने सराफा कारोबारी की मोबाइल भी छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए भाग निकले। लूट के घटना की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई।
पवई थाना क्षेत्र के मित्तूपुर बाजार निवासी दिलीप सेठ पुत्र अच्छेलाल की अहरौला के निजामपुर बाजार में सराफा की दुकान खोल है। रोज की भांति शुक्रवार को भी वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। उसने पास में बिक्री के 65 हजार रुपये नगद के साथ ही 135 ग्राम चांदी व दो ग्राम सोने के जेवरात रखे थे। अभी वह पवई थाना क्षेत्र के भभरिया गांव के पास पहुंचा था कि दो बाइक सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक दिया। सराफा कारोबारी कुछ समझ पाता कि एक बदमाश ने असलहा निकाल कर सटा दिया। इसके बाद उसके पास रखे 65 हजार रुपये नगद, जेवरात के साथ ही मोबाइल व दुकान की चाभी आदि लूट कर भाग निकले। लूट की सूचना मिलते ही पवई थाना पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पवई एसओ अयोध्या तिवारी मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल शुरू कर दी। अभी कुछ दिन पहले ही पवई थाना क्षेत्र में जौनपुर के सराफ को गोली मारकर लाखों की लूट हुई थी। क्षेत्र में लगातार हो रही लूट की वारदातों से आक्रोश की स्थिति है।सीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि लूट हुई है। पूछताछ की दा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।