बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव में पुलिस टीम पर पथराव के बाद पुलिस सख्त हो गई है। पुलिस की सघन दबिश ने गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है, और बेजुबान जानवरों, बूढ़े-बुजुर्गों व बच्चों को भूख-प्यास के कारण तड़पते देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने डर के मारे घर छोड़ दिए हैं, जिससे घरों में खटिया, बिछौना, मच्छरदानी, जूते-चप्पल, और यहां तक कि भिगोया हुआ धान तक वैसे ही पड़ा है।
कुछ घरों में मोटर चालू है, पानी बह रहा है, और खाना परोसी थाली में छूटा पड़ा है। वहीं लोगों के दरवाजे पर बंधे पशु चारा-पानी के लिए परेशान हैं। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने कुछ पशुओं को खूंटे से छोड़कर सिवान में चारा-पानी के लिए भेजा है, लेकिन स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है।
बताया कि पुलिस की 12-12 घंटे की दो पालियों में ड्यूटी लगाई गई है और पूरे गांव में गश्त जारी है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति की तलाशी ली जा रही है, जिसमें आधार कार्ड, गाड़ी और यात्रा का उद्देश्य पूछा जा रहा है। कुछ घर खुले पड़े हैं, तो कुछ में ताला लटका है। पुलिस दबाव बना रही कि जो लोग घटना में शामिल हैं वो आकर समर्पण कर दें। जब तक आरोपी पकड़े नहीं जाते, दबिश जारी रहेगी।