सगड़ी। जीयनपुर थाना क्षेत्र के बेरमा गांव में सीमांकन के दौरान राजस्व टीम द्वारा गाड़े गए पत्थर को विपक्षियों द्वारा उखाड़ फेंकने के मामले में पुलिस ने पांच नामजद समेत 14 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही दो महिलाओं का शांति भंग में चालान भी किया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव है।
ग्राम निवासी संदीप मौर्य ने उप जिलाधिकारी सगड़ी श्याम प्रताप सिंह को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि धारा 116 बंटवारा मुकदमे के निर्णय के बाद राजस्व टीम ने पुलिस की मौजूदगी में सीमांकन कर पत्थर गाड़ा था। लेकिन विपक्षियों ने विरोध करते हुए उक्त पत्थर को उखाड़कर फेंक दिया। राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। मंगलवार 11 नवंबर को एसडीएम द्वारा गठित टीम ने पुनः सीमांकन कराया। इस दौरान राजेश चौहान पुत्र तिलकू चौहान, कृष्णा उर्फ किशन पुत्र गिरधारी, आदर्श कन्नौजिया पुत्र संजय कन्नौजिया, संजय कन्नौजिया पुत्र रामरूप कन्नौजिया, बेबी पुत्री गिरधारी सहित दो अज्ञात महिलाओं एवं 12 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित संदीप का कहना है कि गाटा संख्या 93 पर उनकी निशानदेही में गाड़ा गया पत्थर विपक्षियों ने जबरन उखाड़कर जमीन पर कब्जे की नीयत से ट्रैक्टर लगाकर जोताई शुरू कर दी। उन्होंने मुख्यमंत्री, डीआईजी, जिलाधिकारी एवं एसपी को डाक द्वारा शिकायती पत्र भी भेजा है। कोतवाल जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।