महाराजगंज। सैदपुर गांव में खेत की तारबंदी में विद्युत प्रवाह के कारण बालक अरुण यादव (10) की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इस मामले में पिता-पुत्र के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
मृतक अरुण यादव पुत्र इंदल यादव, सैदपुर निवासी और बाबा शुभकरण दास पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 4 का छात्र था। बुधवार सुबह 10 बजे स्कूल से छुट्टी के बाद वह घर आया। करीब 11 बजे सामान खरीदने दुकान जाते समय खेत में टूटे तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल से 50 रुपये और 10 रुपये के 5 सिक्के मिले। अरुण दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसकी मां गुड्डी देवी और बहन अनुराधा मायके गई थीं। घटनास्थल मृतक के घर से 200 मीटर दूर है, जहां सड़क के किनारे ट्रांसफॉर्मर से खेत में तार खींचा गया था। मृतक की चचेरी बहन रीना ने बताया कि खेत में खुले तार में करंट प्रवाहित था। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में शोक की लहर है। महराजगंज थाना प्रभारी विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।