आजमगढ़। सरायमीर थाने की पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने के मामले में कस्बे के चुड़िहार मोहल्ला उत्तरी निवासी मो. फरहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और आपसी वैमनस्यता फैलाने का आरोप है।
उपनिरीक्षक पंकज यादव पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सोशल मीडिया सेल से सूचना मिली कि सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज क्षेत्र में बरावफात जुलूस के दौरान हामिद अली के सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो सरायमीर निवासी फरहान ने अपने सोशल मीडिया पेज फरहान बिल्डर एआईएमआईएम से दोबारा पोस्ट किया। वीडियो के साथ आरोपी ने गाली-गलौज, धमकी और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिससे क्षेत्र में शांति-व्यवस्था भंग होने की आशंका पैदा हो गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फरहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निहार नंदन ने बताया कि आरोपी पर मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।