आजमगढ़। कोरोना संक्रमण को लेकर अफवाह भरे पोस्ट पर जिले के रैदोपुर स्थित प्राइवेट अस्पताल के सीनियर मैनेजर ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। इस पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। एसपी ने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
पुलिस को दी तहरीर में अस्पताल के सीनियर मैनेजर ने बताया कि सोशल मीडिया पर कोरोना संक्रमण केे लेकर लगातार तरह-तरह के अफवाह फैलाए जा रहे है। इसमें हमारे अस्पताल को लेकर अफवाह ज्यादा है। दो-तीन दिनों पूर्व एक फेसबुक पोस्ट में यहां तक लिख दिया गया कि अस्पताल से कोरोना से मृत एक व्यक्ति का शव प्लास्टिक में लपेट कर बाहर निकाला गया। हमारा अस्पताल कोविड के मरीजों के इलाज के लिए शासन से अनुमति प्राप्त है। इसके साथ ही सुरक्षा के सारे संसाधन यहां मौजूद है। अफवाहों के चलते अस्पताल के कर्मचारी डरे-सहमे है। सबसे बड़ी परेशानी तो यह है कि अस्पताल के स्टाफ आसपास के मकानों में ही किराए पर रहते है और मकान मालिकों ने इन अफवाहों के चलते उन्हें आवास छोड़ने को कह दिया है। ऐसी स्थिति में इन अफवाहों को पोस्ट करने वालो को चिन्हित कर कार्रवाई की जाए। अस्पताल के सीनियर मैनेजर की तहरीर पर शहर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। वहीं एसपी त्रिवेणी सिंह का कहना है कि जांच कर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। जिस शव के निकलने की बात पोस्ट में कही गई है, उसके साक्ष्य पोस्ट करने वाले से मांगे जाएंगे, यदि वह साक्ष्य नहीं दे सका तो निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी।