जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक युवक की तहरीर पर बृहस्पतिवार को पत्नी, सास समेत पांच के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। पत्नी का अपहरण कर हत्या के आरोप में युवक गिरफ्तार किया गया था और 13 माह तक जेल में भी रहा। इसके बाद वापस आया तो पत्नी की बरामदगी उसके प्रेमी के पास से हुई। 15 माह से वह पत्नी व उसके परिवार के लोगों पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए भटक रहा था।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मसोना गांव निवासी दीपू पुत्र राजेंद्र की शादी 11 जून 2019 को मऊ जिले के घोसी थाना अंतर्गत छोटी डाडी गांव निवासी मंगरु की पुत्री रूचि से हुई थी। कुछ दिन वैवाहिक जीवन ठीक-ठाक चला। इसके बाद पत्नी रूचि किसी से मोबाइल पर बात करने लगी। पति से तकरार हुआ तो मामा के घर चली गई। पंचायत के बाद वापस आयी। इसके बाद 20 सितंबर 2019 को वह घर से तीन लाख के जेवरात लेकर फरार हो गई। दीपू ने इस बाबत थाने में तहरीर भी दिया। वहीं रूचि की मां माया ने दीपू पर ही रूचि का अपहरण कर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दिया। जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 13 माह बाद जेल से रिहा होने पर उसने पुलिस ने पुन: पत्नी को खोजने की अपील किया। जिस पर थाने के एसएसआई चंद्रशेखर ने प्रयास शुरू किया और रूचि को इटावा जिले के इटैली गांव से उसके प्रेमी के पास से बरामद कर लिया। इसके बाद दीपू ने तत्काल एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ को मुकदमा दर्ज कराने के लिए शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। 15 माह के बाद बृहस्पतिवार को जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने पति रूचि, सास माया, पत्नी की बहन रिचा, दुर्जन व रूचि के मामा निरंजन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एसएसओ यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।