स्थानीय थाना क्षेत्र के खानपुर चंदू गांव के पास से गुजरी सिक्स लेन के सर्विस रोड पर बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर बढ़ई की मौत हो गई। दो दिन पूर्व युवक अपने बाबा के निधन पर लखनऊ से घर खानपुरचंदू गांव आया था। युवक लखनऊ में रहकर प्लाइवुड का काम करता था।
अहरौला थाना क्षेत्र के खानपुरचंदू गांव निवासी नीरज यादव (21) पुत्र श्यामनाथ के पड़ोसी बंसराज यादव के नातिन की बृहस्पतिवार को बारात आनी थी। ट्रैक्टर और ट्रॉली लेकर नीरज टेंट का सामान लेने जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सिक्सलेन के सर्विस लेन पर ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को तेजी से चला रहा था। तभी ट्रैक्टर ट्रॉली उछल गई और नीरज सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर की ट्राली उसके सर पर चढ़कर गुजर गई। इस दौरान नीरज यादव की मौके पर ही मौत हो गई। नीरज परिवार के भरण-पोषण के लिए लखनऊ में रहकर प्लाईवुड का काम करता था। अभी दो दिन पहले नीरज यादव के बाबा लखराज यादव की मौत हो गई थी जिससे नीरज अपने घर खानपुरचंदू आया था। वहीं एक सप्ताह पूर्व नीरज यादव की शादी भी तय हुई थी। नीरज तीन भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। नीरज की मौत से परिवार में पूरी तरह से मातम छा गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।