दि किसान सहकारी चीनी मिल सठियांव में आयोजित 10 दिवसीय समिति स्तरीय सर्वे सट्टा प्रदर्शन आपत्ति निस्तारण में 256 गन्ना किसानों की समस्या का निदान हुआ। इस बीच कई कृषकों ने गन्ना पर्यवेक्षकों पर जानबूझकर परेशान करने का आरोप लगाया। चीनी मिल सठियांव के पेराई सत्र 2021-22 के लिए तैयारी जोर-शोर से चल रही है। मरम्मत कार्य से लेकर गन्ना आपूर्ति के लिए किसानों की समस्याओं को तत्काल प्रभाव से निस्तारित करने का आदेश प्रबंधन तंत्र से मिला है। उसके बावजूद पर्यवेक्षकों की लापरवाही मंगलवार को एक बार फिर देखने में आई। शिवपुर के सरवन यादव, किआमपुर के भागवत ने आरोप लगाया कि बीते साल उसके द्वारा पांच ट्राली गन्ना सप्लाई किया गया। खतौनी भी जमा की गई उसके बावजूद कंप्यूटर में नाम शो नहीं कर रहा है। किसानों ने प्रधान प्रबंधक से जांच की मांग की है। निस्तारित 256 मामलों में आईएफसी का एक, सेंटर से गेट का एक, शेष आधार, मोबाइल नंबर व रकबा फिडिंग के मामले शामिल थे।