अंबारी। पवई के कृषक इंटर कालेज पर चल रही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना में अंबारी प्रधान पद के प्रत्याशी अमित जायसवाल के कोरोना पॉजीटिव की सूचना पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन कक्ष संख्या 26 के टेबल नंबर एक को सैनिटाइज कराया गया।
पवई विकास खंड के पंचायत चुनाव की मतगणना का कार्य कृषक इंटर कालेज में चल रहा था। सभी प्रत्याशी और अभिकर्ता मतगणना कराने में मशगूल थे। सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए लोग एक दूसरे के ऊपर चढ़ हुए थे। तभी दो बजे अचानक कंट्रोल रूम से सूचना प्रसारित हुई कि अंबारी के प्रधान पद के प्रत्याशी एवं मतगणना एजेंट अमित जायसवाल कोरोना पाजीटिव पाए गए हैं। वह तत्काल मतगणना कक्ष 26 टेबल नंबर एक को छोड़ कर घर चले जाएं अन्यथा मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जैसे ही इसका एनाउंसमेंट हुआ वहां मौजूद हर कोई सकते में आ गया। लोगों की समझ में नहीं आ रहा था कि वह क्या करें। हालांकि सूचना के बाद अमित जायसवाल तत्काल इस बात की जानकारी होने पर वहां से निकल गए। पवई आरओ कुंवर विकास सिंह ने बताया 26 नंबर कक्ष के टेबल नंबर एक में कोरोना पॉजीटिव पाए जाने पर तत्काल सैनिटाइज कराया गया। वर्तमान में मतगणना का कार्य जारी है।