जनपद में विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे पंचायती राज समिति के चेयरमैन जियाउद्दीन रिजवी ने गुरुवार की देर शाम सर्किट हाउस में पत्र-प्रतिनिधियों से वार्ता की। वार्ता के दौरान समाज कल्याण विभाग में हुए घोटाले पर वह जमकर बोले।
उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग आजमगढ़ में घोटालेबाजों का एक रैकेट है। इस रैकेट द्वारा फर्जी मेमो के आधार पर करोड़ों रुपये के धन का घोटाला किया गया है। छात्रवृत्ति में शिब्ली कालेज के एक भी अल्पसंख्यक छात्र का नाम शामिल नहीं है और इन लोगों द्वारा फर्जी मेमो से पैसा निकाल लिया गया।
ऐसा विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों की मिलीभगत से ही संभव हो सका है। जांच के बाद नाम सामने आने पर इन घोटालेबाजों के खिलाफ कार्रवाई में इतनी देरी क्यों हो रही है। वह इस बात से हैरान हैं। इस दौरान उन्होंने मामले की विवेचना पर सवाल उठाए। बोले किसी भी घोटालेबाज और इसमें संलिप्त लोगों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा।
बताते चलें कि समाज कल्याण विभाग में हुए घोटाले में अब तक जनपद के विभिन्न थानों में तीन करोड़ 17 लाख के पांच मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं। जिसमें दो कप्तानगंज थाने में, एक सिधारी में, एक नगर कोतवाली में और एक मुबारकपुर थाने में दर्ज है। लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पंचायती राज समिति के चेयरमैन जियाउद्दीन रिजवी ने कहा कि उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी है। वह विभाग के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही विवेचना कर रहे अधिकारी को भी तलब करेंगे और कार्रवाई में हुई देरी के संबंध में जानकारी लेंगे। कहा कि इस घटना के किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।