आजमगढ़। सहालग का सीजन बुधवार से शुरू हो गया। ऐसे में तेल और घी के दाम बढ़ जाने से लोग परेशान हो गए हैं। वहीं, सोने और चांदी के रेट में हुई गिरावट से लोगों ने राहत महसूस की। सराफा बाजार में भी लगन के कारण रौनक लौट आई है। नवंबर से लेकर दिसंबर तक नौ लगन पड़ रही हैं। जिसका परिणाम है कि लोगों को इसकी तैयारी करने में परेशानी हो रही है। शासन ने बरात में शामिल होने वालों की संख्या को 200 से घटाकर 100 कर दिया है। अब लोग निमंत्रण बांटने को लेकर भी पशोपेश में पड़ गए हैं। समस्या से जूझ रहे आयोजकों के समक्ष खाद्य तेलों के बढ़े दामों ने एक नई मुसीबत खड़ी कर दी है। दो महीने में घी और तेल के दामों में 400 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है। वर्तमान में फार्च्युन रिफाइंड आयल का 15 लीटर का पैक 1900 रुपये, बैल कोल्हू का 15 लीटर का पैक सरसो तेल 2050 रुपये, मयूर के पामोलीन आयल का 15 लीटर का पैक 1750 रुपये और मयूर डालडा के 15 लीटर का पैक 1550 रुपये में मिल रहा है। जबकि वहीं दाल की बात करें तो पिछले दिनों इसके दाम आसमान छू रहे थे। लेकिन वर्तमान में यह 95 रुपये किग्रा बिक रही है।