शहर के नरौली क्षेत्र में सड़क की पटरियों पर हुए अवैध अतिक्रमण को बृहस्पतिवार को एसडीएम सदर के नेतृत्व में नगर पालिका के बुलडोजर ने हटा दिया। नरौली चौक से पहलवान तिराहा तक अभियान चलाया गया। नपा के बुलडोजर को देखते ही सड़क की पटरियों तक कब्जा कर वाहनों की रिपेयरिंग करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया। बिना किसी सुनवाई के सभी अवैध अतिक्रमणाें को हटाया गया और पुन: अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
शहर के नरौली क्षेत्र में पहलवान तिराहा जाने वाले मार्ग के दोनों पटरियों पर ऑटो पार्ट्स की दुकानें हैं। यहां पटरियों पर कब्जा कर अवैध गैराज बनाए गए हैं जहां वाहनों की मरम्मत की जाती है। अमर उजाला ने बुधवार के अंक में पटरियों पर हो रही वाहनों की मरम्मत शीर्षक से इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया।खबर को प्रशासनिक अमले ने संज्ञान में लिया और बृहस्पतिवार को एसडीएम सदर ज्ञानचंद गुप्ता के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम अतिक्रमण हटवाने पहुंच गई।
पुलिस की मौजूदगी में नगर पालिका के बुलडोजर ने अतिक्रमण को पूरी तरह से ढहा दिया। कुछ जगहों पर दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया लेकिन पुलिस प्रशासन के आगे उनकी एक नहीं चली। एसडीएम ने चेताया कि पुन: अतिक्रमण किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कोट
पटरियों तक कब्जा कर वाहनों की मरम्मत की जा रही थी। नपा की टीम ने पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण हटावाया और दुकानादारों को दुबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। -ज्ञानचंद गुप्ता, एसडीएम सदर।