सामाजिक परिवर्तन मंच के तत्वावधान में शनिवार को डा. भीमराव अंबेडकर पार्क में 'सामाजिक परिवर्तन एवं राष्ट्र निर्माण में बाबा साहब का योगदान विषय पर गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि दिल्ली के करुणाशील राहुल ने दीप प्रज्ज्वलन और महाकश्यप की बुद्ध वंदना से गोष्ठी शुरू हुई।
मुख्य अतिथि ने बाबा साहब और बुद्ध के कृतित्व पर प्रकाश डाला। कहा कि बुद्ध के सिद्धांत को भारत के लोग जब तक नहीं अपनाएंगे तब तक जातिविहीन समाज और समता मूलक समाज की कल्पना नहीं की जा सकती है। विशिष्ट अतिथि महराजगंज के जिला विद्यालय निरीक्षक शिवचंद राम और एससीएसटी बेसिक शिक्षक महासंघ के संयोजक राम विलास भारती ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन का कार्य तमाम संतों, महापुरुषों, ने किया।
इन्हीं के बताए गए रास्ते पर चलकर ही सामाजिक परिवर्तन करते हुए स्वस्थ्य भारत का निर्माण किया जा सकता है। लखनऊ दूर संचार के महा प्रबंधक रमेश चंद्रा ने कहा कि बाबा साहब के विचार और गौतम बुद्ध के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक है।खंड शिक्षाधिकारी मुहम्मदपुर राम आसरे ने कहा कि विद्वानों के विचारों को जीवन में उतारने की आवश्यकता है।
सामाजिक परिवर्तन मंच के अध्यक्ष लालचंद आदि ने भी विचार रखे। गोष्ठी में रामलखन, रामसूरत, रामदवर आदि रहे।