मेजवां। फूलपुर स्थिति मिर्चा मंडी में बीएसएनएल की केबिल कट जाने से डाकघर में बैंकिंग सेवा बाधित हो गई। कार्य बाधित होने से हजारों लोग परेशान हो गए। इसकी शिकात बीएसएनएल के अधिकारियों से की गई लेकिन विभाग का कोई भी कर्मचारी इसे ठीक करने नहीं पहुंचा। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी हुई।
नगर पंचायत द्वारा कस्बा में सोडियम लाइट के लिए जगह-जगह ट्रैक्टर के बर्मा द्वारा पोल लगाने के लिए गड्ढे खोदे जा रहे है। इसके चलते टेलीफोन की हैवी केबिल कट गई जिसके चलते डाकघर का नेट काम नहीं कर रहा था। वहीं फूलपुर टाउन डाकघर भी प्रभावित रहा। दोनों डाकघरों की बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई। सुकन्या समृद्धि योजना, पेंशन योजना, सावधि, टीडी व सेविंग बैंक आदि कई योजना के लगभग दस हजार ग्राहक प्रभावित हैं। उप डाक पाल बृजेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि नेटवर्क फेल होने की शिकायत बीएसएनएल में दर्ज करा दी गई है। दूर संचार अवर अभियंता नवनीत गुप्ता ने बताया कि नगर पंचायत की लापरवाही के चलते केबिल कट गई। जिला मुख्यालय से केबिल जवाइंटर को बुलाया गया है। शीघ्र केबिल जोड़ दी जाएगी।