मेडिकल कालेज में स्थापित होगा बीएसएल-2 टाइप लैब
- 61 करोड़ का भेजा गया प्रस्ताव, 10-12 दिनों में होगी शुरूआत
- पहले में बीएसएल-3 टाइप लैब स्थापित किए जाने हुई थी घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
आजमगढ़। जिले में कोरोना की जांच को लेकर कवायद तो काफी समय से चल रही है। अब एक बार फिर 10 से 12 दिनों में राजकीय मेडिकल कालेज में जांच शुरू हो जाने की संभावना जताई जाने लगी है। इसके लिए 61 करोड़ का प्रस्ताव भी शासन को भेजा जा चुका है। लखनऊ में बैठक चल रही है और जल्द से जल्द लैब स्थापित कर जांच शुरू किए जाने की योजना बनाई जा रही है।
कोरोना संक्रमण की जांच जिले में शुरू किए जाने को लेकर प्रदेश सरकार ने पहले ही प्लान बना लिया था। राजकीय मेडिकल कालेज का इसके लिए चयन हुआ था और बीएसएल-3 (भारत सेफ्टी लैब) टाइप लैब की स्थापना का निर्णय लिया गया था। शासन के प्रस्ताव पर राजकीय मेडिकल कालेज प्रशासन ने तैयारियां भी शुरू कर दी थी और इस लैब की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेज दिया था। शुरूआत में ही साढ़े चार करोड़ का बजट भी शासन ने मेडिकल कालेज को उपलब्ध करा दिया था। डेढ़ माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी अब तक इस लैब की स्थापना नहीं हो सकी। अब यहां बीएसएल-2 टाइप लैब की स्थापना होगी। इसके लिए भी कुल 61 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। इस लैब की स्थापना को लेकर लखनऊ में शनिवार की शाम मीटिंग भी हो रही है। इसमें प्रतिभाग के लिए मेडिकल कालेज के उप प्राचार्य गए हुए हैं। जिला प्रशासन के संकेतों की ओर गौर करें तो पूरा प्रयास है कि 10 से 12 दिनों राजकीय मेडिकल कालेज में लैब स्थापित कर कोरोना संक्रमण की जांच शुरू करा दी जाए। डीएम राजेश कुमार स्वयं इस लैब को जल्द से जल्द स्थापित कराने की कवायद में जुटे हुए है।
--
एक सप्ताह में शुरू हो सकती है ट्रू-नॉट से जांच
राजकीय मेडिकल कालेज कोविड लेवल-3 अस्पताल के रुप में चिह्नित है। यहां ऐसे मरीजों की जांच कर उन्हें इलाज की सुविधा मुहैया कराना था जो सर्जरी आदि के लिए आए हैं। ट्रू-नॉट मशीन से जांच करने के बाद एक से दो घंटे में रिपोर्ट आ जाती है और फिर डॉक्टर संबंधित मरीज का इलाज प्रोटोकाल के अनुरूप कर सकता है। फिलहाल जिला अस्पताल में यह मशीन स्थापित हो चुकी है। राजकीय मेडिकल कालेज को इस मशीन की स्थापना के लिए शासन ने 13.44 लाख का बजट उपलब्ध कराया हुआ है। मशीन का आर्डर हो चुका है। एक-दो दिन में मशीन आ जाएगी। प्राचार्य डॉ. आरपी शर्मा ने बताया कि मशीन के आने के एक सप्ताह के अंदर ही ट्रू-नॉट से जांच शुरू करा दी जाएगी।
---
राजकीय मेडिकल कालेज में लैब स्थापित किए जाने के लिए 61 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जलद ही इसे स्वीकृति मिल जाएगी और उम्मीद है कि 10 से 12 दिनों में राजकीय मेडिकल कालेज में कोरोना जांच लैब काम करना शुरू कर देगा। - राजेश कुमार, डीएम