कुश्ती, गदा व दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ करते सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव। स्रोत-आयोजक
जिले के कोलघाट स्थित बाबा मोहटी दास आश्रम में विराट कुश्ती दंगल और गदा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन गुरु कोमल पहलवान के सम्मान में राष्ट्रीय पहलवान दीपक यादव और पप्पू यादव की ओर से किया गया। इसमें आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, दिल्ली और वाराणसी से सैकड़ों महिला-पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, गुरु कोमल पहलवान, समाजसेवी रामचंद्र यादव और जिला कुश्ती संघ अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने संयुक्त रूप से किया। कुश्ती मुकाबलों में दिल्ली के साहिल और गाजीपुर के विशाल का मुकाबला बराबरी पर छूटा।
आजमगढ़ की महिला कुश्ती में प्रीति यादव निबी और जया स्टेडियम का मुकाबला भी बराबरी पर रहा। दिव्यांशु मोजरापुर ने आदर्श बौरहवा बाबा को पटखनी दी। भीम गदा प्रतियोगिता में राष्ट्रीय पहलवान बृजेश यादव ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया।
उन्होंने भीम गदा को 20 हाथ भांजकर प्रतियोगिता का खिताब जीता। इस दंगल का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित करना है। इसका लक्ष्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान तैयार करना तथा आयोजन को हर वर्ष जारी रखना है।
अंतरराष्ट्रीय पहलवान अभिमन्यु यादव ने बताया कि गुरु कोमल पहलवान के सैकड़ों शिष्य हैं। इनमें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान शामिल हैं। सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने गुरु कोमल पहलवान के जाने के बाद उनकी प्रतिमा स्थापित कराने का वादा किया है।
कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य अवधेश यादव और प्रेमचंद यादव ने किया। इस दौरान जिले के कई वरिष्ठ पहलवान उपस्थित रहे। इनमें ज्ञान शंकर यादव, विजय शंकर यादव, कैलाश यादव, रणवीर सिंह, रामवृक्ष यादव, अशोक यादव और अजीत यादव आदि शामिल थे।