सगड़ी। तहसील परिसर में शुक्रवार की देर शाम अधिवक्ता समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक हुई। इसमें उपजिलाधिकारी के कोर्ट का बहिष्कार जारी रखने का निर्णय लिया गया।
अधिवक्ता समिति सगड़ी ने अपने दो साथियों दुर्गेश और सत्यम मिश्रा के जमीन के विवाद को लेकर एसडीएम पर हीलाहवाली करने का आरोप लगाते हुए पिछले एक सप्ताह से उनकी कोर्ट का बहिष्कार कर रहे हैं। हड़ताल के दौरान दुर्गेश के प्रकरण का निराकरण हो गया, जबकि सत्यम मिश्रा के जमीन के विवाद का मामला हल नहीं हो पाया है। शुक्रवार की देर शाम समिति की बैठक हुई।
इसमें समिति के अध्यक्ष ओंकार नाथ त्रिपाठी ने बताया कि नायब तहसीलदार मयंक मिश्रा ने सत्यम मिश्रा के प्रकरण के निस्तारण के लिए दो दिन का समय मांगा है। इसपर विचार के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंगलवार तक बहिष्कार जारी रहेगा।
इस बीच यदि समस्या का निराकरण हो जाता है तो बिना बैठक ही कार्य बहिष्कार वापस ले लिया जाएगा। बैठक में अध्यक्ष ओंकार नाथ त्रिपाठी, मंत्री सूर्यभान यादव, कोषाध्यक्ष मनसा यादव, राधेश्याम मिश्र, पंकज दुबे, वेदप्रकाश राय, अनिल सिंह आदि उपस्थित रहे।