मेंहनगर। बोलेरो सवार बदमाशों ने दो सगी बहनों को अपहृत कर लिया। कुछ दूर जाने पर छोटी बहन ने शोर मचाना शुरू कर दिया तो बदमाशों ने उसे 100 रुपये देकर बोलेरो से उतार दिया। वह घर पहुंची तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। दिन दहाड़े अपहरण की सूचना से मेंहनगर पुलिस सकते में आ गई। युवती की तलाश में पुलिस ने भागदौड़ की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
मेंहनगर के सपनहर रूद्रपुर गांव निवासी दो बहनें बृहस्पतिवार को मोबाइल बनवाने के लिए गई थीं। मोबाइल की दुकान से वापस लौटते समय मेंहनगर की तरफ से आ रही एक बोलेरो जिस पर तीन लोग सवार थे ने दोनों बहनों को जबरन बैठा लिया और छतवारा की तरफ भागने लगे। रास्ते में हर्षिता जब चिल्लाने लगी तो बदमाशों ने उसे 100 रुपये देकर बोलेरो से उतार किया। इसके बाद वह घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। युवती के अपहरण की जानकारी होते ही पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में युवती की तलाश में पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। मोबाइल की दुकान पर पहुंच कर उससे भी पुलिस ने पूछताछ की लेकिन कुछ खास पता नहीं चला। अपहृत युवती के चाचा ने तीन के खिलाफ थाने पर तहरीर दिया है। वहीं पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।