अहरौला। थाना क्षेत्र में सोमवार को भेदौरा गांव में अंशिका (20)का फंदे से लटकता शव मिला। वो बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी मंतोष कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने जानकारी दी कि भेदौरा गांव निवासी अंशिका (20) रविवार की शाम किसी बात से नाराज होकर घर के अंदर छत के चुल्ले से फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका चार भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटी थी।
वहीं दूसरा मामला कटवा गांव का है। गांव निवासी राजू राम अपनी पत्नी निर्मला (37) और बच्चों के साथ दिल्ली में रहकर निजी नौकरी करता था। 24 मई को दिल्ली में ही निर्मला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद राजू पत्नी का शव लेकर सोमवार सुबह गांव पहुंचा। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे कि इसी बीच मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए और हत्या का आरोप लगाते हुए डायल-112 पर सूचना दे दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। निर्मला के दो बच्चे हैं।