नगरपालिका अध्यक्ष पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते होते हुए नगरपालिका परिषद आजमगढ़ के सभासदों ने शनिवार को बोर्ड की बैठक का बहिष्कार कर दिया। इस दौरान सभासदों ने जमकर हंगामा काटा और परिषद कार्यालय में रखी कुर्सियों को तोड़कर अपने गुस्से का इजहार किया।
सभासदों ने आरोप लगाया कि बोर्ड की बैठक में सभासदों द्वारा बोले गए शब्दों को न लिखकर मनमाने तरीके से बोर्ड की प्रोसिडिंग तैयार की जाती है। नपाध्यक्ष द्वारा अपने वित्तीय अधिकार का धन के प्रलोभन में गलत तरीके से उपयोग किया जाता है। इतना ही नहीं, नगर पालिकाध्यक्ष के पुत्र द्वारा गलत तरीके से नगरपालिका की पत्रावलियों से छेड़छाड़ की जाती है। उनके द्वारा सभासदों की गरिमा का ख्याल न करते हुए उनके विश्वास के साथ धोखा दिया जाता है।
इन्हीं कारणों से हमलोग बोर्ड की बैठक का अनिश्चितकाल तक बहिष्कार करेंगे। सभासदों ने कार्यालय में रखी कुर्सियों को तोड़ दिया और जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर शशि कुमारी, रीता, शहाना, पप्पू गोंड, केदारनाथ, मुखराम निषाद, गौतम सेठ, माधुरी सिंह, मीना देवी, वाहिद कुरैशी आदि उपस्थित थे।