आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की 2021 की बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण के संबंध में मिल रही शिकायतों को शासन ने गंभीरता से लिया है। इसके लिए विशेष निर्देश दिया गया है कि माध्यमिक शिक्षा परिषद को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची भेजने से पहले केंद्र निर्धारण के संबंध में मिल रही सभी शिकायतों की जांच करा ली जाए। इसके लिए सभी एसडीएम से 6 फरवरी तक आख्या मांगी गई थी।
जिले में कुल 763 विद्यालय माध्यमिक से संचालित हैं। जिसमें राजकीय 22, वित्तपोषित 97 व वित्तविहीन 644 विद्यालय संचालित है। बोर्ड परीक्षा में इस बार कुल एक लाख 95 हजार 896 छात्र-छात्राएं हाईस्कूल व इंटर में पंजीकृत हैं। उधर परीक्षा कराने के लिए बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों की पहली सूची जारी कर दी है। 286 परीक्षा केंद्रों का चयन किया गया है। शासनादेश में तय मानकों के आधार पर परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. वीके शर्मा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची भेजने से पहले केंद्र निर्धारण के संबंध में मिल रही सभी शिकायतों की जांच के बाद केंद्र निर्धारण किए जाएंगे।