आजमगढ़। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने सोमवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदान स्थलों पर बीएलओ की नियुक्ति दो दिन के अंदर कर ली जाए और 20 अक्तूबर तक प्रत्येक दशा में सभी बीएलओ की ट्रेनिंग कराई जाए। साथ ही सभी को क्रियाशील कर दिया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम नए बनने वाले बीएलओ को ट्रेनिंग देकर उनके द्वारा कराये जाने वाले कार्यों की समीक्षा कर लें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदान स्थल पर बीएलओ की नियुक्ति करते हुए उनके नाम, पते की फीडिंग आयोग की वेबसाइट पर कराएं। कहा कि मतदाता सूची का निरीक्षण कर लें तथा नाम बढ़ाने एवं नाम हटाने की प्रक्रिया को पूरी गंभीरता से कराएं। इसमें किसी भी प्रकार का विवाद न उत्पन्न हो।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिशासी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में बने नए मकानों की सूची तत्काल संबंधित उप जिलाधिकारी को उपलब्ध करा दें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कोई भी अधिशासी अधिकारी बिना अनुमति के अवकाश पर नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आवश्यकता व समस्या होने पर तत्काल मुख्य विकास अधिकारी को अवगत कर निराकरण कराएं। कहा कि प्रत्येक दिन कराए जा रहे कार्यों की फीडिंग ऑनलाइन कराएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य राजस्व अधिकारी जेपी सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी एवं समस्त अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।