सरायमीर। भूमि विवाद को लेकर शुक्रवार को सरायमीर थाना क्षेत्र के चकिया इब्राहिमपुर में दो पक्ष आमने-सामने हो गए। आबादी की जमीन को लेकर दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे के साथ टांगी भी चली। खूनी संघर्ष में दोनों ओर से 16 लोग घायल हुए हैं। दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सरायमीर स्थानीय थाना क्षेत्र के चकिया इब्राहिमपुर में कैलाश और शिवपूजन के बीच आबादी की जमीन को लेकर विवाद है। इसी मामले को लेकर सुबह 10 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे और टांगी-रॉड से एक दूसरे पर हमला किया गया। एक पक्ष से कैलाश, राकेश, सीतापति, शशिकला, करीना, प्रियंका और दूसरे पक्ष से शिवपूजन, प्रमोद कुमार, प्रवीण कुमार, राहुल कुमार, राजेश, महेंद्र ,चंद्रकला, मनीषा, मनसा देवी, रंगीना घायल हो गए। सीतापति और शशिकला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अन्य घायलों का सीएचसी में इलाज कराया जा रहा है। थाना प्रभारी सरायमीर अनिल सिंह ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। आबादी की भूमि को लेकर मारपीट हुई है। मामले की जांच की जा रही है।