आजमगढ़। जिले में रविवार को भाजपा का स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आजमगढ़ जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह और लालगंज जिलाध्यक्ष विनोद राजभर की मौजूदगी में पार्टी कार्यालय पर झंडारोहण किया गया। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने अपने-अपने घरों पर भी पार्टी का झंडा फहराया।
प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने भाजपा के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 1951 में भारतीय जनसंघ के गठन से शुरू हुई यात्रा 6 अप्रैल, 1980 को भाजपा के रूप में परिवर्तित हुई। आज भाजपा न केवल भारत की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, बल्कि संसद-विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व और प्राथमिक सदस्यता के मामले में दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुकी है। भाजपा एक राष्ट्रवादी पार्टी है, जिसकी नींव स्वतंत्रता सेनानी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने रखी थी।
उन्होंने बताया कि 1984 में मात्र दो सीटों से शुरूआत करने वाली भाजपा आज केंद्र में लगातार तीसरी बार सत्ता में है और 19 राज्यों में अपनी सरकार चला रही है। सामान्य पृष्ठभूमि से आए कार्यकर्ताओं को संगठन में बड़े पद मिलना भाजपा की ताकत है। उन्होंने पार्टी के विभिन्न मोर्चों-युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा और अनुसूचित मोर्चा की मजबूती पर भी जोर दिया, जो मंडल स्तर तक संगठन का विस्तार कर चुके हैं।
उन्होंने सरकार की उपलब्धियों जैसे एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर और पर्यटन को बढ़ावा देने वाले आयोजनों का भी जिक्र किया। 2025 के प्रयागराज महाकुंभ को गांव-गांव तक पहुंचाने और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता पर भी बल दिया।
इस मौके पर घनश्याम पटेल, सचिदानंद सिंह, डॉ. श्याम नारायण सिंह, कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, हनुमंत सिंह, हरिवंश मिश्रा, नागेंद्र पटेल, पूनम सिंह आदि मौजूद रहे।