बिंद्राबाजार। भाजपा लालगंज जिलाध्यक्ष के परिवार पर मनरेगा मजदूरों को पीटने का आरोप लगाया गया है। पिटाई से नाराज मनरेगा मजदूरों ने गोसाई बाजार के पास सड़क जाम कर दिया। वहीं, मजदूरों की तहरीर पर गंभीरपुर थाना पुलिस ने जिलाध्यक्ष के दो पुत्रों समेत परिवार के पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
उबारपुर गांव में मनरेगा मजदूर नाले की सफाई कर रहे थे। मजदूरों द्वारा नाले के कचड़े व मिट्टी को बगल में स्थित खेत में डाला जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष लालगंज ऋषिकांत राय के भाई और भतीजे मौके पर पहुंच गए। नाले की मिट्टी खेत में डाले जाने का विरोध किया। न मानने पर मनरेगा मजदूरों पर हमला बोल दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष के परिजनों के हमले में मजदूर वेदप्रकाश (35) और रवि (24) घायल हो गए। घटना से आक्रोशित मनरेगा मजदूरों ने गोसाई बाजार के पास मुख्य मार्ग पर चक्का जाम करदिया। जाम की सूचना पर गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें समझा बुझा कर जाम समाप्त करवाया। इसके बाद मजदूर रविंद्र पुत्र रामदेव निवासी उबारपुर की तहरीर पर जयहिंदर पुत्र सूर्यनाथ राय, सत्यम और शिवम पुत्र ऋषिकांत राय, गरुण पुत्र जय हिंदर व मलखान पुत्र अवधू राय निवासीगण उबारपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कोई मारपीट नहीं हुई है। मनरेगा मजदूरों ने सिर्फ मुझे बदनाम करने के लिए फर्जी आरोप लगाते हुए मेरे पुत्रों व परिवार के सदस्यों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
ऋषिकांत राय, जिलाध्यक्ष भाजपा-लालगंज, आजमगढ़।
मनरेगा मजदूरों ने भाजपा जिलाध्यक्ष लालगंज के परिवार के लोगों पर मारने पीटने का आरोप लगाते हुए तरीर दी है। जिसके आधार पर गंभीरपुर थाने में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी, जांच में जैसा सामने आएगा उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मो. अकमल, सीओ सदर, आजमगढ़।