आजमगढ़ । जिला पंचायत चुनाव की सरगर्मी के बीच सोमवार की रात सत्तारूढ़ दल के जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशी संजय निषाद के वाहन पर बोलेरो सवार बदमाशों ने फायरिंग की व पत्थर फेंकें। प्रत्याशी के साथ चल रहे अन्य वाहनों ने जब हमलावरों का पीछा किया तो वे वाहन को अंधेरे में छोड़कर फरार हो गए। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। सत्ता पक्ष के प्रत्याशी पर हमले की जानकारी के बाद एसपी भी रात में ही मौके पर पहुंचे। घटना में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच में जुटी है।
अतरौलिया क्षेत्र के उदैना गांव निवासी संजय निषाद टहर किसुनदेवपुर से जिला पंचायत सदस्य हैं। वह भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी होने के कारण चुनाव प्रचार कर रात में घर लौट रहे थे। वह खुद फार्च्यूनर में पांच लोगों के साथ सवार थे। उनकी गाड़ी के पीछे दो स्कार्पियों में करीब 10 समर्थक चल रहे थे। उनका आरोप है कि वह आजमगढ़ से निकलकर तहबरपुर थाना क्षेत्र के कौड़िया बाजार से मात्र दो से तीन मीटर आगे गए होंगे कि हमलावरों ने अपनी बोलेरो उनके काफिले में घुसा दी। किसी अनहोनी की आशंका से काफिले के पीछे वाली गाड़ियों के ड्राइवर हार्न बजा कर हटने का दबाव देने लगे तो बोलेरो सवार गति बढ़ाते हुए अपनी गाड़ी संजय निषाद की गाड़ी के समानांतर चलाने लगे। उसी दौरान एक बदमाश ने तमंचा निकाल लिया। जिसके बाद संजय के कहने पर ड्राइवर ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। उसी दौरान गोली चल गई, लेकिन संयोगवश कोई हादसा नहीं हो सका। वारदात में असफल बोलेरो सवार भागे तो पुलिस को इत्तला देते हुए संजय निषाद बोलेरो सवारों का पीछा करने लगे लेकिन बदमाश निकल भागने में सफल हो गए। हालांकि, तेल खत्म होने के कारण बोलेरो बरामद हो गई। भाजपा प्रत्याशी संजय निषाद का कहना है कि बोलेरो में करीब आधा दर्जन बदमाश सवार थे। वहीं एसपी सुधीर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और प्रत्याशी से घटना की जानकारी ली। बोलेरो वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर घटना की पड़ताल की जा रही है।