आजमगढ़। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापक को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करने को कहा है। ज्ञान, परंपरा, व्यवहार और भारत की विरासत थीम पर ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता कराई जाएगी।
सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय अखंडता दिवस के रूप में मनाई जाएगी। कोविड-19 प्रोटोकाल के साथ सुबह आठ बजे से प्राथमिक विद्यालयों के छात्र प्रभात फेरी निकालेंगे। माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों की रैली निकाली जाएगी। सुबह नौ बजे लौह पुरुष सरदार पटेल के जीवन पर विद्यालयों के छात्रों के स्लोगन का संकलन किया जाएगा। 10 बजे राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता विषयक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 12 बजे जिला संयुक्त चिकित्सालय में जिलाधिकारी मरीजों को फल वितरित करेंगे। एक बजे वृद्ध एवं कुष्ठ आश्रम में भोजन वितरण किया जाएगा। दो बजे सरदार वल्लभ भाई पटेल के व्यक्तिगत व कृतित्व पर भाषण प्रतियोगिता होगी। चार बजे विचार गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। छह बजे फिल्म शो स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।