शहर के मातबरगंज स्थित एक जांच सेंटर में भीड़ को बाहर करती पुलिस।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। नगर के आसिफगंज मुहल्ला स्थित दवा मंडी में रोड पर बाइक खड़ा कर दवा की खरीदारी करने के कारण लॉक डाउन के दौरान भी जाम की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। जिसे देखते हुए डीएम एनपी सिंह ने नगर कोतवाल को खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की बाइक गलियों में खड़ा कराने का निर्देश दिया है। साथ ही दुकानदारों को होम डिलवरी कराने का निर्देश है।
लॉक डाउन के बीच नगर का आसिफगंज मुहल्ला आम दिनों की तरह की पूरे दिन गुलजार रहता है। क्योंकि यहां पर स्थित दवा मंडी से दवा लेने के लिए पूरे दिन दुकानदारों का आना जाना लगा रहता है। हालांकि डीएम की ओर से थोक दवा व्यापारियों को होम डिलवरी कराने के लिए पास भी जारी किए गए हैं इसके बाद भी दवा मंडी में आने वाले लोगों की भीड़ बहुत ज्यादा होती है। जिसका परिणाम है कि लॉक डाउन के बाद भी यहां पर हमेशा जाम की समस्या होती है। क्योंकि यहां आने वाले दवा व्यापारी अपनी बाइकों को सड़क पर ही खड़ी करके दवा की दुकानों से दवा खरीद करते हैं। जिसके कारण यहां पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी टेढ़ी खीर होता है। इसे देखते हुए डीएम एनपी सिंह ने नगर कोतवाल केके गुप्ता को निर्देश दिया है कि वह बाइकों को सड़कों पर न खड़ा होने दें। अगर कोई व्यापारी दवा लेने के लिए यहां पहुंचता है तो वह उसकी बाइक को दवा मंडी से दूर सूनी पड़ी गलियों को खड़ी करवाएं। साथ ही जब सड़क की पटरी खाली हो जाए तो उसका उपयोग लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने में किया जाए ताकि दवा मंडी में अनावश्यक रूप से जाम की समस्या खड़ी न होने पाए। साथ ही उन्होंने दवा विक्रेता संघ के नेता सुधीर अग्रवाल को फोन कर उनसे होम डिलवरी कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की कोताही न होनी चाहिए। हर थोक विक्रेता अपने ग्राहकों को फोन नंबर दे। उससे फोन पर या मेल पर दवा की सप्लाई का आर्डर ले और गाड़ी भेजकर ग्रामीण क्षेत्र के दुकानदारों को दवा उपलब्ध कराए।