कप्तानगंज-अहरौला मार्ग पर स्थित पीजी काॅलेज समदी के पास ट्रक ने बाइक सवार भाई-बहन को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई तो वहीं पीछे बैठी उसकी बहन घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने रास्ता जाम कर दिया। सूचना पर क्षेत्रीय विधायक भी मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करना पड़ा।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के टहर किशुनदेवपुर गांव निवासी दिवाकर 22 शनिवार को दिन में अपनी बहन अंशु 20 को बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा दिलाने के लिए ले कर पीजी काॅलेज समदी जा रहा था। अभी वह महाविद्यालय से डेढ़ सौ मीटर दूर था कि ट्रक से बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में दिवाकर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठी बहन अंशु घायल हो गई। सूचना पर अहरौला थाना पुलिस भी पहुंची। इसके पूर्व ही स्थानीय लोगों व मृतक के परिजनों ने मौके पर चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अहरौल-कप्तानगंज मार्ग की जर्जर स्थिति व मुआवजे की मांग को लेकर लोग आक्रोशित थे। मृतक दो भाइयों में बड़ा था और उसकी एक बहन है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव भी मौके पर पहुंच गए। वहीं पुलिस शव को कब्जे में लेने के लिए मशक्कत करती रही। जाम की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एसडीएम बूढ़नपुर प्रेमचंद्र मौर्य ने मौके पर पहुंच कर लोगों को आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
युवक ही कर रहा था छोटे भाई-बहनों का पालन
अहरौला। ट्रक की चपेट में आकर मृत दिवाकर के माता-पिता की पूर्व में ही मौत हो चुकी है। दिवाकर ही अपने छोटे-भाई बहनों का पालनहार था। वह ही परिवार का कमाऊ पूत था और बाहर रह कर कमाता था। कुछ दिनों पूर्व ही वह घर आया था और शनिवार को बहन को परीक्षा दिलाने ले कर जा रहा था। दिवाकर की मौत के बाद छोटे भाई-बहन के सिर से माता-पिता के बाद पालनहार बड़े का साया भी सिर से उठ गया है। हादसे में घायल छोटी बहन का तो रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
पुलिस को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। वहीं पीड़ित परिवार को शासन से अनुमति मुआवजा व अन्य सहायता राशि दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। - प्रेम प्रकाश मौर्या, एसडीएम, बूढ़नपुर।