ठेकमा। बरदह थाना क्षेत्र के बंधवा महादेव मंदिर के पास कमालपुर मोड़ पर शनिवार को बालू लदे ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर मौत हो गई तो जबकि बाइक चला रहा युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए दिया। बाइक सवार एक महिला और युवक शनिवार को बरदह थाना के बंधवा महादेव मंदिर के पास से गुजर रहे थे। अभी वे कमालपुर मोड़ पर पहुंचे थे कि बालू लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया। इतना ही नहीं बाइक ट्रक में फंस गई, जिससे लगभग एक किमी तक बाइक सवार महिला और युवक घिसटते रहे। राहगीरों के शोर मचाने पर ट्रक चालक ने वाहन रोका और फरार हो गया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल था। सूचना पर बरदह थाना पुलिस के साथ ही एसडीएम मार्टीनगंज भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। काफी प्रयास के बाद भी महिला के शव की खिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।