जिले के दो थाना क्षेत्रों में अलग-अलग हुई सड़क दुर्घटनाएं में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं एक अधेड़ बाइक की टक्कर से घायल हो गया।
जहां पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रानी की सराय संवाददाता के अनुसार, थाना क्षेत्र के चकसेठवल गांव निवासी राजेश यादव (32) पुत्र श्यामनरायन शुक्रवार की रात करीब आठ बजे बाइक से निजामाबाद थाने के फरिहां बाजार में लगा मेला देखने जा रहा था।
आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर स्थित सरायहाजी ढाबे के पास अनियंत्रित ट्रक ने राजेश के बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह बाइक से छिटक कर गिर पड़ा और ट्रक के पहिए के नीचे आ गया।
पहिया ऊपर चढ़ने से वह कुचलकर गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसा होने के बाद चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया। दुघर्टना होते ही आसपास के लोग वहां जमा हो गए और राजेश को अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे।
इसी बीच राजेश ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाजार वालों की मदद से शव की पहचान कर सूचना परिवार वालों को दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
राजेश पांच भाईयों में छोटा और तीन बेटियों का पिता था। वह अपने भाईयों से अलग रहता था। मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। एसओ ने बताया कि ट्रक पुलिस के कब्जे में है। आरोपी चालक की पहचान करने में पुलिस जुटी है।
बलरामपुर संवाददाता के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के जमुआरी गांव के पास शुक्रवार की शाम बाइक से टक्कर लग जाने स पैदल जा रहे जमुआरी गांव निवासी सदाफल शुक्ला पुत्र नरसिंह घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।