मेजवां। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के ऊदपुर पेट्रोल पंप के पास बृहस्पतिवार को सुबह लगभग सात बजे ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी फूलपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक बाजार से घर जा रहा था। वह हेलमेट नहीं लगाया था। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।फूलपुर के चकनूरी गांव निवासी सोनू कुमार (22) पुत्र रामू बृहस्पतिवार को बाइक से फूलपुर बाजार में किसी काम से गया था। बाजार से लौटते समय जैसे ही वह ऊदपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा था कि शाहगंज की तरफ से आ रही ट्रक ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सोनू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां मौजूद लोगों ने आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए घटना स्थल से महज दो सौ मीटर दूरी पर स्थित सीएचसी भेजा।
जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर परिजन भी सीएचसी पहुंच गए थे। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।