बिंद्राबाजार। आजमगढ़-जौनपुर हाईवे पर बुधवार रात गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गंभीरपुर (कोनौली) के पास बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इसमें एक युवक की मौत हो गई, दूसरा घायल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मरने वाला प्रवासी बताया जा रहा है। एक दिन पहले ही पुणे से आया था और रिश्तेदारी में किसी से मिलने गया था।
थाना गंभीरपुर के सराय पलटू गांव निवासी तेज प्रताप राम (30) पुत्र राम और गुलशन (28) पुत्र रामनारायण बाइक से आजमगढ़ रिश्तेदारी गए थे। बुधवार रात घर वापस जाते समय रात नौ बजे कोनोली के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। बाइक चला रहे तेज प्रताप राम की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे गुलशन को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर गंभीरपुर थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह और पुलिस चौकी प्रभारी बृजेश सिंह मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी इंदु देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक दो बच्चों का पिता था। ग्रामीणों ने बताया कि युवक एक दिन पहले ही पुणे से आया था। रिश्तेदारों से मिलने गया था।