आजमगढ़। जिला जज सैय्यद अफताब हुसैन रिजवी के नेतृत्व में डीएम, एसपी भारी पुलिस फोर्स के साथ बुधवार की सुबह जिला जेल पहुंचे और सभी महिला और पुरुष बैरकों की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान बैरकों से गांजा, बीड़ी, सिगरेट आदि प्रतिबंधित सामान बरामद हुआ।
एसपी सिटी सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि जिला जज के नेतृत्व में बुधवार को त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। जिला जज के साथ डीएम चंद्रभूषण सिंह और एसपी अजय कुमार साहनी के साथ भारी संख्या में फोर्स मौजूद रही। सुबह करीब साढ़े दस बजे अधिकारीगण जेल पहुंचे।
इस दौरान बंदियों से मिलकर उनसे भोजन की गुणवत्ता, होने वाली परेशानियों के विषय में पूछताछ की गई। बंदियों से पूछा गया कि मुकदमे की पैरवी सही ढंग से हो रही है या नहीं। किसी को धनाभाव के चलते वकील रखने में कोई दिक्कत तो नहीं है। बंदियों से हालचाल जानने के बाद बैरकों की सघन तलाशी शुरू हुई।
इस दौरान पुरुष बैरकों से गांजा, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा आदि बरामद हुआ। आपत्तिजनक नशे का सामान बरामद होने पर जिला जज ने नाराजगी जताई। साथ ही दोबारा इस पर रोक लगाने का निर्देश दिया। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने जेल अधिकारियों को चेतावनी दी कहा दोबारा कोई भी प्रतिबंधित सामान जेल के भीतर न पहुंचे।
अधिकारियों ने करीब ढाई घंटे तक जेल की व्यवस्था और दुर्व्यवस्थाओं के विषय में जानकारी लेने के बाद वापस लौट गई। इस अवसर पर एसपी सिटी सुभाष चंद्र गंगवार, जेल अधीक्षक अनिल कुमार गौतम, सीओ नगर सच्चिदानंद, सदर मो. अकमल खां के साथ भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही। निरीक्षण के दौरान पूरे जेल परिसर में अफरातफरी का माहौल रहा।