प्रेसवार्ता को संबोधित करते डीएम एनपी सिंह।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। डीएम के निर्देश पर पिछले कुछ दिनों से राजस्व ग्रामों और नगर निकायों में लगाए जा रहे लोक कल्याण शिविर संपन्न हो चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 1.24 लाख आवेदन और शहरी क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के लिए लगभग 11 हजार आवेदन आए हैं। 35 फीसदी आवेदनों को स्वीकृत कर दिया गया है। दो अक्तूबर तक इसे पूरा कर गांव और ब्लाक स्तर पर शिविर लगाकर लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र दिया जाएगा।
कलक्ट्रेट में आयोजित पत्रकार वार्ता में डीएम एनपी सिंह ने बताया कि शासन को लोक कल्याण की योजनाओं का लाभ न मिलने की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर उन्होंने राजस्व ग्राम और वार्ड स्तर पर लोक कल्याण शिविर लगाने की घोषणा की थी। इसमें शासन की प्रमुख सात योजनाओं से संबंधित आवेदन लिए गए। राजस्व ग्राम स्तर पर 26 अगस्त से 17 सितंबर लगाए गए शिविर में विभिन्न योजनाओं के लिए कुल 1,24,240 आवेदन आए। सबसे ज्यादा आवेदन वृद्धा एवं किसान पेंशन से संबंधित इसके 44 हजार से ज्यादा आवेदन आए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित 19 हजार से ज्यादा आवेदन आए। निकायों में प्रधानमंत्री आवास शहरी को भी शामिल किया गया था। लालगंज में आयोजित तहसील दिवस 150 लाभार्थियों को इसका स्वीकृति पत्र सौंपा जा चुका है। कहा कि आवास के लिए यदि की ओर से धनराशि की मांग की जाती है तो सुबह 9 से 11 बजे तक जनसुनवाई के दौरान मुझसे शिकायत करें। लाभार्थियों को दी जाने वाली तीन किस्तों के साथ ही उनके लिए गोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा। आवदेन के लिए फार्म, आवश्यक दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्र मौके पर ही कर्मचारियों की ओर से उपलब्ध कराए गए। अभी तक 35 फीसदी आवेदनों को आनलाइन कर स्वीकृत किया जा चुका है। दो अक्तूबर से पहले सभी आवेदन को स्वीकृत कर गांधी जयंती पर ब्लाक और गांव स्तर पर शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र सौंपा जाएगा।